Home Kids' Health बारिश में सिर्फ डियो नहीं, ये 10 घरेलू उपाय भी बॉडी की...

बारिश में सिर्फ डियो नहीं, ये 10 घरेलू उपाय भी बॉडी की बदबू करेंगे दूर

Updated On

अक्सर बारिश के मौसम में लोगों के शरीर से बदबू आने लगती है, जो कभी-कभी उन्हें दूसरे लोगों के सामने शर्मिंदा होने पर मजबूर कर देती है। बदबू से छुटकारा पाने के लिए लोग डियो या परफ्यूम का इस्तेमाल करते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपायों के बारे में बताएंगे, जो आपको इस समस्या से छुटकारा दिलाने में काफी मदद कर सकते हैं।

1. नींबू का रस

नींबू हमारे शरीर की बदबू को खत्म करने में भी बहुत कारगर है। नींबू हमारी त्वचा के पीएच स्तर को नियंत्रित करता है। शरीर के जिन हिस्सों में हम नींबू के रस का इस्तेमाल करते हैं, वहां बैक्टीरिया जल्दी नहीं पनप पाते हैं। नींबू को कॉटन की मदद से अपने शरीर के उन बदबू वाले हिस्सों पर लगाएं और खासकर अंडरआर्म में नींबू के एक टुकड़े को लेकर हल्के हल्के हाथ से रगड़ें। इससे पसीने की बदबू आपसे कोसो दूर हो जायेगी। नहाने से 10 मिनट पहले नींबू का रस शरीर पर लगाएं।

2. बेकिंग सोडा

बेकिंग सोडा आपको पसीने की बदबू से छुटकारा दिलाने का एक आसान और प्रभावी तरीका है। यह न केवल पसीने को अवशोषित करता है, बल्कि बैक्टीरिया को भी मारता है। बैक्टीरिया पसीने की बदबू का मुख्य कारण होते हैं। एक चम्मच बेकिंग सोडा में ताजा नींबू का रस मिलाएं, फिर इसे बदबू वाले स्थान पर लगाएँ और इस रस को 5 मिनट के बाद धो लें।

3. एप्पल साइडर विनेगर  

आप अपने नहाने के पानी में एक कप सेब का सिरका डालें, फिर उसी पानी से नहाएं। अगर आप इस पानी से स्नान नहीं करना चाहते हैं, तो कॉटन के एक टुकड़े पर सेब साइडर के सिरके को डालें और इस सिरके को कांख और पैरों आदि जगह पर लगाएं। कुछ देर रुकने के बाद साफ पानी से नहा लें।

4. मसूर की दाल

मसूर की दाल को पीसकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर में नींबू के रस मिलकर इसका पेस्ट तैयार कर लें और इस पेस्ट का अपने शरीर पर लगाएं। जब यह पेस्ट सूख जाए तो नहा लें।

5. टमाटर का रस

टमाटर में एंटी-सेप्टिक गुण बहुत अधिक मात्रा में पाये जाते हैं। पसीने की बदबू के लिए जिम्मेदार बैक्टीरिया को खत्म करने में टमाटर बहुत कारगर है। अपने शरीर की दुर्गंध को दूर करने के लिए आपको को नहाने के पानी में 2 चम्मच टमाटर का रस मिलाकर स्नान करना चाहिए। टमाटर के रस को प्रतिदिन दो या तीन बार पीने से त्वचा स्वस्थ रहती है और शरीर से किसी भी तरह की बदबू भी नहीं आती है।

6. गेहूं के जवारे

शरीर की बदबू को दूर करने के लिए गेहूँ के ज्वारे का रस बहुत प्रभावी माना जाता है। व्हीटग्रास में क्लोरोफिल होता है, जो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसे सुबह खाली पेट पिएं इससे शरीर स्वस्थ और जवान बना रहता है और शरीर से किसी भी प्रकार की दुर्गंध नहीं आती है।

7. फिटकरी

फिटकरी में भी एंटीसेप्टिक गुण पाया जाता है। फिटकरी हमारे शरीर से दुर्गंध को दूर करने में सहयोग प्रदान करती है। इसलिए नहाने के पानी में एक चुटकी फिटकरी पाउडर को मिला लें, इससे हमारे शरीर से पसीना कम निकलता है और शरीर से बदबू नहीं आती है। लेकिन ध्यान रखें कि नहाने के पानी में फिटकरी की मात्रा ज्यादा न हो अन्यथा हमारी त्वचा रूखी हो सकती है।

8. कपूर का तेल

कपूर आपके स्वेट ग्रंथि पर हानिकारक असर डाले बिना पसीने की दुर्गंध को रोकता है। आप अपने अंडर आर्म में कपूर को रगड़ सकते हैं। इसके अलावा आप नहाने के पानी में एक चम्मच कपूर का तेल डालकर नहा भी सकते हैं।

9. शलजम

शलजम का रस आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा होता है और शरीर की दुर्गंध को दूर करने में मदद भी करता है। शलजम का रस स्किन के लिए बहुत फायदेमंद होता है। नहाने के कुछ समय पहले अपनी बॉडी पर शलजम के रस को लगाएं और 15 मिनट के बाद नहा लें।

10. चंदन

जिन लोगों को पसीना ज्यादा आता है या जिनके शरीर से बहुत तेज पसीने की बदबू आती है, उन्हें हफ्ते में कम से कम 2 बार नहाने से पहले चंदन के पेस्ट को अपने शरीर पर लगाना चाहिए। इस पेस्ट को लगाने से त्वचा साफ हो जाती है और शरीर के बंद रोम छिद्र भी खुल जाते हैं। इस वजह से पसीना कम निकलता है और पसीने से आने वाली बदबू कम हो जाती है।